चोरी के बाद टूटी अलमारी और बिखरा सामान दिखाते बेकरी कारोबारी इकबाल।
- फोटो : KANNAUJ
मानीमऊ (कन्नौज)। सदर कोतवाली क्षेत्र में मानीमऊ रेलवे स्टेशन के पास चोराें ने बेकरी कारोबारी के घर समेत पांच दुकानों के शटर तोड़कर लाखों का सामान और नगदी पार कर दी। शनिवार सुबह सिलसिलेवार चोरियों की जानकारी से हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की।
सदर कोतवाली के गांव दाईपुर निवासी इकबाल की मानीमऊ रेलवे स्टेशन के पास मकान में बेकरी है। शुक्रवार को पत्नी रेशमा का प्रसव हुआ था। जच्चा और बच्चा गांव में थे। शुक्रवार रात चोरों ने मुख्य गेट का दरवाजा तोड़कर घर से 50 हजार रुपये नगद और साढ़े चार लाख के जेवर पार कर दिए। इसके बाद चोरों ने कुशवाहा मार्केट की दुकानों को निशाना बनाया। आशीष सोनी की सराफा दुकान का शटर तोड़कर 35 हजार की चांदी पार कर दी।
दंदौरा गांव निवासी आदित्य ठाकुर की किराना दुकान का शटर तोड़कर एक लाख का सामान और गुल्लक से 35 हजार की नगदी निकाल ली। पास ही धर्मपाल के वस्त्र भंडार, आकाश की कास्मेटिक दुकान और जसौली के मैनूर की बक्सा बनाने की दुकान के शटर तोड़कर कीमती सामान पार कर दिया।