कन्नौज । विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर 14 जून को अमर उजाला फाउंडेशन के बैनर तले स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक चलेगा। इसमें शहर की विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक और स्वयंसेवी संस्थाएं भाग लेंगी।
जिला अस्पताल ब्लड बैंक की काउंसलर मिथलेश ने बताया कि शिविर के लिए सभी तैयारियां हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को जीवन देने का माध्यम है। दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों, प्रसव और ऑपरेशन के दौरान मरीजों को अक्सर रक्त की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे समय में स्वैच्छिक रक्तदान किसी परिवार के लिए उम्मीद की किरण बन सकता है। शिविर के दौरान जागरूकता गोष्ठी का भी आयोजन होगा, जिसमें चिकित्सक रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करेंगे। विशेषज्ञ बताएंगे कि स्वस्थ व्यक्ति के लिए रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित है और इससे शरीर पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता। कुछ ही समय में शरीर रक्त की कमी को पूरा कर लेता है। आयोजकों ने युवाओं, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की है। उनका कहना है कि यदि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति नियमित रूप से रक्तदान करे तो किसी भी मरीज को रक्त के अभाव में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। आपका एक यूनिट रक्त किसी की धड़कनें बचा सकता है। आइए, 14 जून को रक्तदान कर मानवता के इस महादान में सहभागी बनें।