कन्नौज। जिला मुख्यालय के तीन तालाबों के सौंदर्यीकरण का काम मंगलवार को शुरू हो गया है। इसके लिए शासन की ओर से 10.81 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित की गई है। चिह्नित तालाबों से पानी की निकासी की जा रही है। जल्द ही तालाबों का सौंदर्यीकरण कर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए जाएंगे।
जिला मुख्यालय में कलक्ट्रेट के पास मौजूद तीन बड़े तालाबों का जल्द ही कायाकल्प हो जाएगा। इसके लिए शासन द्वारा 10.81 करोड़ की धनराशि निर्गत की गई है। सौंदर्यीकरण योजना को लेकर तालाबों में काम शुरू हो गया है। कलक्ट्रेट कॉलोनी स्थित तालाब का पानी निकाला जा चुका है, जबकि वन विभाग कार्यालय के समीप कलक्ट्रेट रोड पर स्थित तालाब का पानी निकाला जा रहा है। इसके बाद तिर्वा रोड स्थित धीराताल का पानी निकाला जाएगा।
तालाबों के सौंदर्यीकरण अधिकारियों के अलावा मंत्री की भी निगरानी है। तालाबों के आसपास बैठने के लिए बेहतर बेंच लगाने के साथ ही उत्तम दर्जे के फूल व हरे भरे पौधों व रोशनी से सजाकर इन्हें आकर्षक बनाया जाएगा। तालाब के चारों ओर परिक्रमा मार्ग बनाया जाएगा। साथ ही जल शोधन की व्यवस्था की जाएगी। तीनों तालाबों का डिजायन राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों ने तैयार किया है। इनको रात्रिकाल में दर्शनीय स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। समाज कल्याण मंत्री व सदर विधायक असीम अरुण का कहना है कि शहर के तीनों तालाबों के सुंदरीकरण का काम शुरू हो गया है। इनको पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। तीनों तालाबों का नामकरण महापुरुषों के नाम पर होगा।
काली नदी में भेजा जा रहा पानी
कलक्ट्रेट तालाब के बाद अब वन विभाग के तालाब का पानी बाहर निकाला जा रहा है। बड़ा पंपिंग सेट लगाकर पाइप के जरिये पानी को नाले में गिराया जा रहा है। यह नाले के माध्यम से काली नदी में पहुंच रहा है। कार्यदायी संस्था का कहना है कि तीनों तालाबों को सुखाने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा।