एसडीओ राहुल सिंह को समस्या बतातीं कांशीराम कालोनी की महिलाएं।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ(कन्नौज)। लगभग बीस दिन से अंधेरे में रह रहीं कांशीराम कालोनी की महिलाओं ने सोमवार को बिजली घर पहुंचकर एसडीओ को समस्या बताई। एसडीओ ने बकाया बिल जमा न होने तक आपूर्ति बहाल करने से इनकार कर दिया।
कांशीराम कालोनी की सोनम, राजरानी, गीता देवी, सुनीता, रेशमा, रानी, फातिमा, सन्नो, कमला, कांती, नफीसा, कमरूननिशा व गीता देवी सहित महिलाओं और पुरुषों ने विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर एसडीओ राहुल सिंह से बिजली कनेक्शन जुड़वाने की मांग की। इन्होंने कहा कि कालोनी के कुछ लोगों ने बिजली कर्मियों से सांठगांठ कर लाइन जुड़वा ली है। इस संबंध में एसडीओ ने कहा कि ऊर्जा मंत्री के निर्देश पर हाई लाइन लॉस के चलते कनेक्शन कटवाए गए हैं। बकाया बिल जमा न होने तक सप्लाई शुरू नहीं करवाई जा सकती। जांच कराई जाएगी,अगर किसी ने कनेक्शन जोड़ लिया होगा तो उस पर कार्रवाई होगी।
पांच हजार रुपये जमा कर जुड़वा सकते हैं कनेक्शन
एसडीओ राहुल कुमार सिंह ने बताया कि कालोनी के लोग पांच हजार रुपये जमा करवाकर अपना केबल जुड़वा सकते हैं। केबल जुड़ने के बाद मीटर लगवा दिया जाएगा। इसके बाद रीडिंग के हिसाब से बकाया बिल संशोधित कराया जाएगा। आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए यहां के लोगों को किस्तों में बकाया बिल जमा करने की सहूलियत भी दी जाएगी।