कन्नौज। विकासखंड सदर की ग्राम पंचायत गुखरू स्थित पंचायत सचिवालय में आयोजित विशेष ग्राम सभा में गांव के समग्र विकास और स्वच्छता का खाका खींचा गया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जिला पंचायत राज अधिकारी जेके गोंड ने ग्रामीणों को स्वच्छ भारत मिशन 2026 की नई नियमावली और दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। उन्होंने ग्रामीणों को अपने आसपास सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित करते हुए गांव को मॉडल स्वच्छ बनाने की अपील की।
सभा के बाद पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पंचायत परिसर में पौधरोपण किया गया। अधिकारियों ने पौधरोपण कर हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संदेश दिया। बैठक का सबसे महत्वपूर्ण बिंदु लंबे समय से अटका पड़ा विवादित उत्सव भवन का मामला रहा। ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए डीपीआरओ ने स्वयं विवादित स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि सभी गतिरोधों को प्रशासनिक स्तर पर शीघ्र सुलझा लिया जाएगा और उत्सव भवन का निर्माण जल्द से जल्द शुरू कराया जाएगा। इस दौरान जिला कंसलटेंट मयंक मौर्य सहित कई पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।