कन्नौज। यदि आप एक्सप्रेसवे या हाईवे पर सफर कर रहे हैं और आपको नींद आ रही है तो वाहन में लगा एंटी स्लीप डिवाइस आपको सोने नहीं देगी। झपकी आते ही अलार्म बजने लगेगा और वाहन की गति भी कम हो जाएगी। इस डिवाइस को ठठिया के इंजीनियर अवन उर्फ जीतू शुक्ला ने तैयार किया है। जीतू लखनऊ में रहकर इस पर रिसर्च कर रहे हैं।
खास बात यह है कि इस डिवाइस के सड़क, राजमार्ग एवं परिवहन मंत्रालय एवं इंटरनेशनल सेंटर फॉर ऑटोमोटिव टेक्नॉलाजी (आईकैट) ने भी इसका प्रमाणन किया है और प्रयोग के तौर पर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की एक हजार बसों मेंं यह डिवाइस लगाई गई है।
एक्सप्रेसवे और हाईवे पर रोजाना हादसे हो रहे हैं और इसका मुख्य कारण चालकों को नींद आना होता है। इंजीनियर जीतू शुक्ला बताते हैं कि एंटी स्लीप डिवाइस तीन स्तर पर काम करती है। चालक की आंख बंद होने पर इससे लेजर लाइट निकलती है और फिर भी कोई हरकत नहीं होती है तो इससे बीप-बीप की आवाज निकलती है। इसके बाद भी चालक नहीं जागता है तो तेज अलार्म बजेगा और वाहन की गति कम होने लगेगी। इतना ही नहीं, यदि आगे चल रहे वाहन से 70 मीटर से कम दूरी होगी तो भी अलार्म बजेगा। इसके लिए इसे वाहन के कंट्रोल सिस्टम से जोड़ा जाता है।
जीतू ने बताया कि डिवाइस को इंटरनेशनल सेंटर फॉर ऑटोमोटिव टेक्नॉलाजी मानेसर (हरियाणा) ने अप्रूवल दे दिया है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) की लंबी दूरी पर चलने वाली एक हजार बसों में इसे लगाया गया है।
अब केंद्र सरकार के सड़क, राजमार्ग एवं परिवहन मंंत्रालय ने भी एंटी स्लीप डिवाइस को सरकारी और निजी वाहनों में लगाने के निर्देश दिए हैं। (संवाद)
इनसेट
नितिन गडकरी ने भी की तारीफ
इंजीनियर अवन उर्फ जीतू शुक्ला ने बताया कि एंटी स्लीप डिवाइस की तारीफ केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने भी की है। उन्होंने 2025 तक इसे सभी निजी और सरकारी वाहनों में लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि वह हादसों को टी व वाई प्वाइंट पर रोकने के लिए भी एक नई डिवाइस पर काम कर रहे हैं, जिसे प्रमाणन के लिए आईकैट भेजा जाएगा।
इनसेट
बीएचयू ने दी बीटेक की मानद डिग्री
जीतू ने बताया कि उन्होंने इंटरमीडिएट तक पढ़ाई की है। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय ने उन्हें बीटेक की मानद उपाधि और 25 लाख रुपये का पुरस्कार दिया है। देश के कई अन्य राज्यों में भी सरकारों ने इस डिवाइस के लिए अनुबंध किया है।
इनसेट
परिवहन विभाग की 680 बसों में एक माह पहले एंटी स्लीप डिवाइस लगाई गई है। यह बेहतर ढंग से काम कर रही है। चालकों से लगातार फीडबैक लिया जा रहा है। क्षेत्रीय प्रबंधकों से भी डाटा मांगा गया है।
- राजीव आनंद, मुख्य महाप्रबंधक, परिवहन विभाग