निर्माणाधीन डामर रोड का बुधवार को चेयरमैन प्रतिनिधि व ईओ ने निरीक्षण किया। मोटी गिट्टी, रोलर से सही से न दबाने पर नाराजगी जताई। ठेकेदार को सड़क के दोनो तरफ फुटपाथ बनाने के भी निर्देश दिए।
कस्बा में लगने वाले जाम को देखते हुए चेयरमैन राधा गुप्ता ने ग्राम नंगापुर्वा के निकट से तिर्वा रोड मार्ग तक आने वाले मिनी बाईपास के निर्माण की योजना बनाई थी। अब इस मार्ग का निर्माण शुरू हो रहा है। बुधवार को चेयरमैन प्रतिनिधि इंद्र कुमार गुप्ता, ईओ बीडी भट्ट ने सड़क निर्माण का निरीक्षण किया।
गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर ईओ ने जेई सूर्यवीर सिंह को मौके पर बुलाया और हो रहे कार्य को ठीक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क के दोनों ओर करीब एक मीटर चौड़े फुटपाथ बनाने के निर्देश दिए। ठेकेदार ने बताया कि फुटपाथ के लिए मिट्टी की आवश्यकता है। सड़क के आसपास वाले खेत स्वामी मिट्टी नहीं उठाने दे रहे हैं। चेयरमैन प्रतिनिधि ने बताया कि करीब सात सौ मीटर लंबे इस मिनी बाईपास से बढ़ जाने से कस्बे में लगने वाले जाम से लोगों को निजात मिलेगी। इस मौके पर सभासद अयूब खां, अनमोल गुप्ता, सुरेश तिवारी सहित अन्य मौजूद रहे।