ओपीडी में लगी महिलाओं की भीड़।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। जिला अस्पताल की महिला विंग में शहरी व ग्रामीण क्षेत्र से प्रसव के लिए पहुंचने वाली महिलाओं से वसूली की जा रही है। कई बार शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं की गई। अब नया मामला सामने आया है। जिलाधिकारी ने महिला चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
शहर के रानीचाह मोहल्ला निवासी उर्मिला देवी पत्नी दीपक यादव को महिला विंग में भर्ती कराया गया। स्टाफ ने परीक्षण के बाद पति को बताया कि आपरेशन करना पड़ेगा। छह हजार रुपये जमा करने होंगे। रुपये देने से इंकार करने पर स्टाफ ने आपरेशन करने से हाथ खड़े कर दिए। पति ने व्यवस्था कर छह हजार रुपये जमा किए। पति ने मामले से योगी सेना के राष्ट्रीय संगठन मंत्री पवन पांडेय को अवगत कराया। उन्होंने ओपीडी में मरीजों को देख रहीं स्त्री रोग विशेषज्ञ निधि गोयल से वार्ता की। चिकित्सक ने उनसे कहा कि यह रुपये तो लगते हैं। इसके बिना सर्जन आपरेशन के लिए तैयार ही नहीं होते। इस पर वह सन्न रह गए। सीएमएस के अवकाश पर होने से पवन पांडेय ने मोबाइल पर वार्ता कराई। महिला चिकित्सक ने सीएमएस से भी रुपये जमा कराए जाने की बात कही। इस पर सीएमएस ने चिकित्सक को फटकार लगा दी। उन्होंने कहा कि इन मामलों में पैसे नहीं लगते हैं।
संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी को सुनवाया ऑडियो
योगी सेना के राष्ट्रीय संगठन मंत्री पवन पांडेय ने सदर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में महिला चिकित्सक के रुपये लेने की बात स्वीकार करने का ऑडियो-वीडियो जिलाधिकारी रवींद्र कुमार, सीएमओ डॉ.कृष्ण स्वरूप को सुनवाया। जिलाधिकारी ने सीएमओ को निर्देश दिए कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई के लिए सीएमएस को निर्देश दें। सीएमओ ने कहा कि महिला चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई के लिए सीएमओ को पत्र भेजा जा रहा है। वहीं पवन पांडेय ने स्त्री रोग विशेषज्ञ के खिलाफ कठोर कार्रवाई के लिए प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर को भी ऑडियो व वीडियो भेजा है।
मरीजों ने ओपीडी में काटा हंगामा
महिला ओपीडी में स्त्री रोग विशेषज्ञ को दिखाने पहुंचीं महिलाओं का सब्र दोपहर करीब साढ़े बारह बजे के बाद टूट गया। कई महिलाओं ने हंगामा करना शुरू कर दिया। उन्नाव जिले की रीता, रागिनी, विनीता का कहना था कि वह सुबह से चिकित्सक को दिखाने के लिए लाइन में खड़ी हैं। उन्हें नहीं बुलाया जा रहा है। तमाम लोग बिना नंबर के देख लिए गए हैं। दोपहर करीब एक बजे महिला चिकित्सक निधि गोयल ओटी में जाने की बात कहकर चली गईं। इस पर मरीजों ने नाराजगी जताई। तमाम महिलाएं चली गईं।