कन्नौज। एक नाबालिग की जमीन हड़पने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में न्यायालय के आदेश पर एक महिला ने सात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सदर कोतवाली के जसौली निवासी सीमा ने बताया कि उनके भाई सूफियान का निधन 13 सितंबर 2020 को हुआ। सूफियान की छह वर्षीय बेटी नूरफातमा की परवरिश सीमा कर रही हैं। आरोप है कि सूफियान के चार भाइयों राहिल, उरफू उर्फ इरफान, इरफान और गुफरान ने षड्यंत्र रचा। 16 फरवरी 2026 को इरफान व गुफरान के कहने पर राहिल उर्फ इरफान ने उन्होंने सूफियान की जमीन अपने नाम करा ली। मोहम्मद रहीस, मोहम्मद मेहराज और मढहरपुर गांव के गवाह हसीम खां ने भी साथ दिया।
सीमा ने तहसील में आपत्ति दाखिल की तो सभी आरोपियों ने आपत्ति वापस लेने का दबाव बनाया। महिला ने पुलिस से गुहार लगाई लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने न्यायालय की शरण ली। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।