छिबरामऊ। तुलसीपुर स्थित कंपोजिट स्कूल के प्रधानाध्यापक राहुल मिश्रा पर छात्राओं को जातिसूचक शब्द कहने, मिड-डे मील न देने और एक महिला से लूटपाट व अभद्रता का गंभीर आरोप लगा है। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने आरोपी प्रधानाध्यापक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना 13 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे हुई।
ग्राम जाफराबाद निवासी मनीषा की बेटियां इसी स्कूल में पढ़ती हैं। मनीषा का आरोप है कि प्रधानाध्यापक राहुल मिश्रा अनुसूचित जाति के बच्चों को जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित करते हैं और मिड-डे मील खाने से रोकते हैं। बेटियों से जानकारी मिलने पर मनीषा 13 जुलाई को स्कूल पहुंचीं और भेदभाव पर सवाल उठाया। मनीषा का आरोप है कि प्रधानाध्यापक शराब के नशे में धुत थे और उन्होंने जातिसूचक गालियां देते हुए बच्चियों का भविष्य खराब करने की धमकी दी। प्रधानाध्यापक ने मनीषा का पर्स छीन लिया, जिसमें 1,900 रुपये नकद और एक सोने की टूटी अंगूठी थी। उन्हें धक्के देकर स्कूल से भगा दिया गया।
कोतवाल कपिल दुबे ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्रधानाध्यापक के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट और लूट सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।