तालग्राम। रोहली गांव में लगने वाले ऐतिहासिक जहारा देवी मेला की तैयारी तहसील प्रशासन ने शुरू कर दी है। एक माह चलने वाले मेले में प्रत्येक शनिवार के लिए साफ सफाई, बिजली आपूर्ति के साथ पेयजल के लिए नगर पंचायत के पानी टैंकर और मोबाइल शौचालय की भी व्यवस्था कराई जाएगी। चढ़ावे के अनाज खरीद के लिए 21 अगस्त को खरीदारों के बीच बोली लगेगी।
एक माह तक चलने वाला ऐतिहासिक मेला 29 अगस्त से शुरू होगा। इस दिन भादों मास का पहला शनिवार भी है। इस बार मेला में कई तरह के मनोरंजन, ज्ञानवर्धन स्टॉल, सर्कस, झूले आदि लगाए जाएंगे। मां के दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो प्रशासन पूरी तरह से रोशनी, पानी, सुरक्षा के बंदोबस्त कर रहा है। दुकानदारों के लिए जल्द ही दुकान की जगह आवंटन किया जाएगा। तहसीलदार अवनीश कुमार ने बताया कि चढ़ावे के गेहूं के लिए नीलामी प्रक्रिया 21 अगस्त को तहसील सभागार में शाम चार बजे होगी। मेला प्रभारी अवनेंद्र सिंह ने बताया कि मेला के लिए व्यवस्थाएं शुरू करा दी गई है।