ब्लाक मुख्यालय पर अभिलेखों का निरीक्षण करते डीडीओ एनबी सविता।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ(कन्नौज)। जिला विकास अधिकारी एनबी सविता ने ब्लाक मुख्यालय पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री आवास योजनाओं की पंजिकाओं के अलावा मनरेगा रजिस्टर अधूरे देख डीडीओ भड़क गए। लेखाकार को फटकार लगाते हुए एक सप्ताह के अंदर अधूरे रिकार्ड पूरे करने के निर्देश दिए।
शुक्रवार को डीडीओ एनबी सविता ने स्थापना पटल की अनुराधा यादव, सचिव देवेंद्र सिंह की सेवा पुस्तिकाओं का निरीक्षण किया। अधूरी सेवा पुस्तिकाएं देख डीडीओ का पारा चढ़ गया। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री आवास योजनाओं की पत्रावलियां चेक कीं। यह भी अधूरी थीं। मनरेगा रजिस्टर अपूर्ण होने पर लेखाकार को फटकार लगाते हुए एक सप्ताह के अंदर सभी अभिलेख पूर्ण कर आख्या देने के निर्देश दिए। इसके बाद डीडीओ ने मुख्यमंत्री आवास योजना के लिए चयनित ग्राम अतिराजपुर में कृष्णकांत पुत्र गुरुप्रसाद व मदारपुर में महादेवी पत्नी राजेंद्र के आवासों का शुभारंभ कराया।
इस दौरान देर से पहुंचे सचिव धीरेंद्र प्रताप सिंह को कार्यशैली में सुधार लाने की चेतावनी देते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया। उन्होंने कहा कि आवास योजना में 90 दिन की मजदूरी मनरेगा योजना के तहत दी जाएगी। डीडीओ ने पात्र लाभार्थियों को समय से आवास पूर्ण कराने के निर्देश दिए।