कन्नौज। केंद्रीय राज्यमंत्री के लिए फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में जल निगम में तैनात कर्मचारी के खिलाफ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की गई है। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई की मांग की।
भारत सरकार में राज्यमंत्री व अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल के खिलाफ फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी की गई है। अपना दल के जिलाध्यक्ष दिनेश कटियार, प्रदेश सचिव (युवा मंच) दिग्विजय कटियार, जिला महासचिव संजय कटियार व जिला पंचायत सदस्य लालसिंह दोहरे ने कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायती पत्र दिया।
आरोप लगाया कि कन्नौज जल निगम में कार्यरत एक कर्मचारी अक्सर अनुप्रिया पटेल के लिए अभद्र टिप्पणियां करता है। तीन दिन पहले अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर प्रतिष्ठा व छवि को धूमिल करने का प्रयास किया। एसपी प्रशांत वर्मा ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।