कन्नौज। महिला विंग में भर्ती मरीज व तीमारदारों के इधर-उधर कूड़ा फेंकने पर आन ड्यूटी स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सीएमएस ने वार्डों में कई जगह नोटिस चस्पा करा दी।
नोटिस में सीएमएस डा. यूसी चतुर्वेदी ने ऑन ड्यूटी स्टाफ को निर्देश दिए हैं कि महिला विंग में देखने को मिला है कि वार्डो में भर्ती मरीज व तीमारदार तमाम कूड़ा वार्ड में इधर-उधर फेंक देते है। जबकि, सभी जगह कूड़ा डालने के लिए डस्टबिन रखवाए गए हैं। इसके बावजूद लापरवाही बरती जा रही है। सफाई कर्मचारियों को इधर-उधर कूड़ा बिखरे होने पर उसके निस्तारण में परेशानी हो रही है। सीएमएस ने ऑन ड्यूटी स्टाफ को निर्देश दिया कि आगे से यदि कूड़ा इधर-उधर बिखरा मिला तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।