कन्नौज। स्कूल की चारदीवारी टूटी दिखाकर बोर्ड परीक्षा केंद्र न बनाने का आरोप लगाते हुए प्रबंधक ने डीएम को शिकायती पत्र दिया है। डीएम ने जांच कराने का आश्वासन दिया है।
हैवतपुर कटरा बाईपास रोड स्थित बीएस इंटर काॅलेज की प्रबंधक सरिता अग्निहोत्री ने सोमवार को डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री को पत्र दिया है। कहा कि स्कूल विगत सत्रों में बोर्ड परीक्षा केंद्र रहा है। अधिकारियों के जांच में गलत आख्या लगाने के कारण कॉलेज को परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जा रहा है। जांच आख्या में अधिकारियों ने स्कूल की चारदीवारी टूटी दिखाई है। बोर्ड परीक्षा केंद्र के लिए 12 से 13 कक्षाें की आवश्यकता होती हैं और विद्यालय में 25 कक्ष हैं। स्कूल की छात्राओं का परीक्षा केंद्र भी दूर बनाया गया है। स्कूल में छात्राओं की संख्या 125 हैं। प्रबंधक ने स्कूल की जांच किसी अन्य अधिकारी से कराने की मांग की है। प्रबंधक ने आरोप लगाकर कहा कि पिछले वर्ष अधिकारियों ने स्कूल में बिजली फिटिंग न होने की बात कहकर केंद्र नहीं बनाया था। डीएम ने जांच का आश्वासन दिया। डीआईओएस पप्पू सरोज ने बताया कि शिकायती पत्र मिलने पर जांच कराई जाएगी।