कन्नौज। ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली सहित मूल विभागीय कार्यों के अतिरिक्त अन्य विभागों के कार्यों के विरोध में ग्राम पंचायत सचिवों ने आंदोलन तेज कर दिया है। मांगें पूरी न होने से आक्रोशित सचिवों ने अपने डीएससी, डोंगल एडीओ पंचायत को सौंपते हुए स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका शांतिपूर्ण सत्याग्रह आंदोलन जारी रहेगा।
तालग्राम विकासखंड मुख्यालय पर ग्राम पंचायत सचिव संगठन के बैनर तले सचिवों ने सांकेतिक, शांतिपूर्ण सत्याग्रह किया। इस दौरान संगठन के महामंत्री शिवम पाठक के नेतृत्व में सचिवों ने अपनी एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए प्रशासन का ध्यान समस्याओं की ओर आकर्षित किया। आंदोलन के बाद सचिवों ने अपने डीएससी, डोंगल एडीओ पंचायत रविप्रताप सिंह को सौंप दिए। सचिवों ने बताया कि ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली के साथ-साथ अन्य गैर-संबंधित दायित्वों का बोझ डालना अनुचित है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सचिवों से केवल उनके विभागीय दायित्वों का ही निर्वहन कराया जाए और अतिरिक्त कार्यों से मुक्त किया जाए। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका शांतिपूर्ण सत्याग्रह आंदोलन लगातार जारी रहेगा। इस अवसर पर विमल दुबे, अजय मिश्रा, मृदुल दुबे, युवराज सिंह सहित अन्य ग्राम पंचायत सचिव मौजूद रहे।