छिबरामऊ। विशुनगढ़ से लौट रहे जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्रों की बाइक को टेंपो ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों छात्र घायल हो गए। इन्हें सौ शय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में एक को सैफई, दूसरे को फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया।
शनिवार को तालग्राम थाना क्षेत्र के ग्राम रोहली निवासी अभय प्रताप (18) पुत्र अनिल व ग्राम बहादुरपुर निगोह निवासी प्रशांत तिवारी (18) पुत्र देवेंद्र तिवारी बाइक से विशुनगढ़ गए थे। लौटते समय रामलीला मैदान के पास तेज रफ्तार टेंपो ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों छात्र घायल हो गए। हेलमेट न लगाए होने से दोनों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। दूसरी बाइकों पर साथ में चल रहे साथियों ने एंबुलेंस से दोनों को सौ शय्या अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में प्रशांत को उत्तर प्रदेश ग्रामीण आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई व अभय प्रताप को फर्रुखाबाद के लिए रेफर कर दिया गया। घायलों के साथ आए युवकों ने बताया कि दोनों जवाहर नवोदय विद्यालय अनौगी में इंटर के छात्र हैं। घायल छात्र अपने साथियों के साथ बाइक से विशुनगढ़ गए थे। लौटते समय हादसा हो गया।
सड़क हादसे में घायल युवक की मौत
छिबरामऊ। सड़क हादसे में शुक्रवार को घायल मजदूर विकास (20) की उपचार के दौरान तिर्वा मेडिकल कालेज में मौत हो गई। इलाके के ग्राम प्रेमपुर निवासी जगदीश सिंह पुत्र कामता प्रसाद ने बताया कि बेटा विकास सड़क किनारे वाहन के इंतजार में खड़ा था। तभी टेंपो चालक ने टक्कर मार दी थी। उपचार के दौरान मौत हो गई। तीन साल पहले विकास की शादी गुंजन से हुई थी। एक साल की बेटी वंशिका है। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। (संवाद)