ठठिया/तिर्वा (कन्नौज)। आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ठठिया थाना क्षेत्र में बहसुइया गांव के पास सोमवार रात दिल्ली से सुल्तानपुर जा रही कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए। सभी को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।
सुल्तानपुर जिले के चांदा थाना क्षेत्र के पटखौली गांव निवासी प्रकाश चंद्र पाठक (38) पुत्र अशोक कुमार दिल्ली की एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। मंगलवार को वह कार से दिल्ली से सुल्तानपुर जा रहे थे। कार में उनके साथ पत्नी सुषमा देवी (35), छोटे भाई प्रभाकर पाठक की पत्नी ज्योति (30), भतीजे अंकित (8), अर्पित (4) और मंगला प्रसाद भी थे। सोमवार रात करीब तीन बजे आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ठठिया थाना क्षेत्र के गांव बहसुइया के पास कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर पलट गई।
हादसे में ज्योति पाठक की मौत हो गई और अन्य लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची यूपी 112 पुलिस ने सभी को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। ज्योति के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।