कन्नौज। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी के सामने नारेबाजी की और बाराबंकी में लाठीचार्ज में दोषी पुलिसकर्मियाें की बर्खास्तगी की मांग की। मंत्री ने आश्वासन दिया कि इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन को लेकर पुलिसकर्मियों से नोकझोंक भी हुई।
कार्यकर्ता पहले कलक्ट्रेट पहुंचे और बाराबंकी में हुए लाठीचार्ज को लेकर नारेबाजी की। इसके बाद राज्यपाल व मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट अविनाश गौतम को सौंपा। इसके बाद प्रभारी मंत्री भी कलक्ट्रेट पहुंच गईं तो कार्यकर्ता उनसे मिलने पर अड़ गए। गेट पर तैनात सीओ तिर्वा कुलवीर सिंह व सदर कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह से नोकझोंक हुई। पुलिस ने जब अंदर नहीं घुसने दिया तो कार्यकर्ता गेट पर ही धरने पर बैठ गए। पुलिस कर्मियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, तब तक और कार्यकर्ता आ गए। भीड़ बढ़ती देख आसपास के थानों से भी पुलिस को बुला लिया गया।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी शरद मिश्र व आईटी सेल के जिला संयोजक अभिषेक पांडेय आजाद ने मंत्री को जानकारी दी। इस पर उन्होंने कलक्ट्रेट सभागार में आने के लिए कहा। कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए सभागार में पहुंचे तो मंत्री ने उन्हें शांत किया और बताया कि बाराबंकी मामले पर उच्च स्तरीय जांच समिति गठित की गई है और दोषी पुलिस कर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा।
मंत्री ने बताया कि विद्यार्थी परिषद एक सबसे अनुशासित संगठन है और कार्यकर्ता का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, जिला महामंत्री शैलेंद्र कुमार द्विवेदी, शुभम विद्यार्थी, सह जिला संयोजक दिव्यांशु तिवारी, जिला संगठन मंत्री सक्षम गुप्ता आदि मौजूद रहे।