कन्नौज। आगामी पंचायत चुनाव को लेकर पुलिस ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस बीते पंचायत चुनाव में दर्ज हुए मुकदमों का लेखाजोखा जुटा रही है। थाने के अनुसार सूची तैयारी की जा रही है। जिसके बाद इन लोगों को सप्ताह में एक बार थाने आकर हाजिरी लगानी पड़ेगी।
बीते साल 2015 में पंचायत चुनाव हुए थे। चुनाव के दौरान जिले के सभी आठ थानों में पुलिस ने शराब बांटने, जान से मारने की धमकी और मारपीट के 48 मुकदमों में 115 लोगों को आरोपी बनाया गया था। इस बार फरवरी से अप्रैल तक जिले में पंचायत चुनाव होने की संभावना है। जिससे पुलिस ने अभी से निष्पक्ष चुनाव की तैयारियां तेज कर दी है। एसपी प्रशांत वर्मा के निर्देश चौकी प्रभारियों से लेकर थाना प्रभारियों ने इन 115 आरोपियों के बारे में जानकारी मांगी गई है। इसके साथ ही गांवों में असलहों का ब्योरा एकत्र करने को कहा गया है। असलहों का दुरुपयोग होने पर लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट मांगी गई है। एएसपी विनोद कुमार ने बताया कि पिछले पंचायत चुनाव में अराजकता फैलाने वाले लोगों के चरित्र का सत्यापन व अन्य जानकारी जुटाई जा रही है। सक्रिय अपराधियों की थाने में हाजिरी के साथ निगरानी की जाएगी।