‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जन जागरूकता कार्यक्रम के तहत बुधवार को प्राथमिक स्कूल अमोलर व शांति देवी शिक्षा समिति ताहपुर में गीत एवं नाट्य प्रभाग सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से आई टीम ने आल्हा गायन कर बेटियों का महत्व समझाया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए बेटी को बेटों के बराबर दर्जा देने की नसीहत दी गई।
वैसावारी आल्हा मंडल बनईमऊ रायबरेली की टीम के रामप्रकाश, संदीप, सोनी, रामशंकर ने आल्हा व ऊदल का वेश धरकर चिमटा, ढोल की तान पर आल्हा गायन कर ‘बेटी बचाओ’ का संदेश दिया। वहीं वीर नारियों की कथा का वर्णन किया। इसके बाद शांति देवी शिक्षा सदन में जन जागरूकता की मुहिम चली।
इस दौरान बताया गया कि आज के दौर में बेटियां किसी से कम नहीं हैं। नौकरी, खेलकूद समेत हर क्षेत्र में बेटियां आगे बढ़ रही हैं। इसलिए बेटी को पढ़ाने-लिखाने पर विशेष ध्यान दें। एक बेटी की पढ़ाई से दो घरों का भविष्य संवरता है। इस मौके पर प्रधान पति घनश्याम, ताहपुर के प्रधान जय सिंह कनौजिया के अलावा कुलदीप दुबे, धीरेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।