छिबरामऊ। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की जमीनी हकीकत जानने के लिए 16 मार्च को प्रदेश के मुख्य सचिव वीडियो कांफ्रेेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों से वार्ता करेंगे। जनपद के किसानों के अपूर्ण प्रपत्रों को भरवाने के लिए प्रशासन जुट गया है। 13 मार्च तक फार्म दुरुस्त कराने का कार्य शुरू हो चुका है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लिए जो फार्म भरवाए गए थे, उसमें 40 हजार किसानों के प्रपत्र अधूरे पाए गए, जिन्हें संबंधित तहसीलों को सुधार करने के लिए लौटा दिए गए। गुरुवार को एसडीएम गौरव शुक्ला ने बताया कि छिबरामऊ के 14 हजार किसानों के प्रपत्र अपूर्ण पाए गए। कई किसानों के बैंक खाता नंबर गलत थे तो कई के आधार नंबर। कई फार्मों में मोबाइल नंबर नहीं थे। उन्होंने बताया कि सभी लेखपालों को इस कार्य में लगा दिया गया है, पंचायत सचिव भी सहयोग में लगाए गए हैं। तहसीलदार अभिमन्यु कुमार ने बताया कि बैंक के खाता नंबर दुरुस्त कराने की जिम्मेदारी कृषि विभाग को सौंपी गई है। आधार कार्ड व मोबाइल नंबर दुरुस्त कराने को लेखपालों व पंचायत सचिवों को लगाया गया है।
घर-घर जाकर करेंगे जांच
मुख्य सचिव की वीसी के चलते मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि के फार्मों को पूर्ण कराने के लिए लेखपाल व पंचायत सचिव किसानों के घर-घर जाकर जांच करेंगे व अपूर्ण फार्मों को भी पूर्ण कराएंगे।