छिबरामऊ। मोहल्ला ग्रेसीगंज में एक घर के अंदर आइसक्रीम व पनीर बनाने की फैक्टरी में लगे कूलिंग प्लांट पर आपत्ति जताई है। लोगों का कहना है कि फैक्टरी से निकलने वाली दुर्गंध से मोहल्ले में बीमारियां फैल रही हैं। नागरिकों ने एसडीएम गौरव शुक्ला को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
गुरुवार को ग्रेसीगंज मोहल्ले के श्याम सिंह, धीरेंद्र यादव, ज्योति गुप्ता, भारत सिंह, सरल गुप्ता, एआर शर्मा ने एसडीएम गौरव शुक्ला को ज्ञापन सौंपा। जिसमें बताया कि मोहल्ले के एक घर में फैक्टरी लगाई गई है। यह घनी आबादी के बीच है। अब इसमें बड़ा प्रोजेक्ट लग रहा है, जिसके लिए अंडरग्राउंड कोल्ड चेंबर तैयार किया जा रहा है, जिससे कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। ऐसी ही एक घटना आवास विकास कॉलोनी में हुई थी, जिसमें पूरे परिवार की मौत हो गई थी। फैक्टरी निर्माण में मानकों का भी ध्यान नहीं रखा गया है। एसडीएम गौरव शुक्ला ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।