कन्नौज। जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ रही है। मुंबई से पैदल चलकर ठठिया के मलगई गांव आए युवक की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आई। इस गांव में कोरोना संक्रमितों की संख्या तीन हो गई। 12 मई को पहला पॉजिटिव केस मिलने के बाद से हॉटस्पॉट बने गांव की निगरानी की जा रही है।
ठठिया क्षेत्र के गांव मलगई निवासी 29 वर्षीय युवक दिसंबर 2019 में मुंबई गया था। यहां बांद्रा इलाके की एक राशन दुकान पर वह नौकरी करता था। लॉकडाउन के चलते नौ मई को वह घर के लिए पैदल निकला था। 14 मई को वह घर पहुंचा था। इसके बाद 15 मई को जिला अस्पताल पहुंच कर उसने कोरोना की जांच कराई थी। 17 मई को पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद अधिकारियों के नींद उड़ गई। तत्काल संक्रमित युवक को एंबुलेंस से जसवंतनगर इटावा के कोविड-19 हास्पिटल में भर्ती कराया गया।
मुलई गांव में रहने 12 मई और 14 मई को एक-एक व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया था। इससे हॉटस्पॉट गांव के सभी रास्तों को बंद कर सैनिटाइज कराया जा रहा है। किसी भी व्यक्ति को गांव में आने-जाने से अनुमति नहीं दी जा रही है। सीएमओ डा. कृष्ण स्वरूप ने बताया कि जिले में अब तक 25 कोरोना पॉजिटिव पाए गए है। इनमें से सात लोग ठीक होकर घर जा चुके है।
कोरोना पॉजिटिव युवक घर के पास रखे छप्पर में रहता था। संपर्क में आए पिता, दो भाई समेत सात लोगों के सैंपल लेकर स्वास्थ्य विभाग ने क्वारंटीन किया है। जिला अस्पताल में जांच कराने के बाद वह बेहटा गांव तक ट्रैक्टर से आया था। इसके बाद वह पैदल घर पहुंचा था। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ट्रैक्टर चालक और उसमें सवार लोगों के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं।
संवाद न्यूज एजेंसी छिबरामऊ के अनुसार, कपूरपुर में दो कोरोना संक्रमित मिलने के बाद दहशत के साए में रह रहे गांव के लोगों के लिए राहत की बात है। शनिवार को जांच के लिए भेजे गए सभी 15 कोरोना सेंपल जांच में निगेटिव आए हैं। सौ शय्या संयुक्त चिकित्सालय के कोरोना नोडल अधिकारी अभिषेक कटियार ने बताया कि शनिवार को मोबाइल सर्विलांस टीम द्वारा कोरोना संक्त्रस्मित युवकों के संपर्क में आए 15 लोगों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है।
उधर, रविवार को जिले के तीन अस्पतालों से 50 सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजे गए है। अब तक 1462 सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके है। इनमें 1298 की रिपोर्ट आई है। इसमें 25 पॉजिटिव केस मिल चुके है। 164 सैंपल की जांच रिपोर्ट आनी है। सीएमओ कृष्ण स्वरूप ने बताया अब तक सात संक्रमित ठीक हो चुके हैं। वहीं, 18 संक्रमित को कोविड-19 अस्पताल में इलाज में इलाज चल रहा है।