समधन। फर्रुखाबाद से दवा लेकर पिता के साथ लौट रही छात्रा की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। ट्रेन घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर मलिकपुर स्टेशन पर आकर रुकी, तब पिता अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे, तब तक छात्रा की मौत हो चुकी थी।
मलिकपुर निवासी अमरसिंह सोमवार की सुबह अपनी पुत्री सोनी (22) को दवा दिलाने फर्रुखाबाद एक निजी अस्पताल गए थे। दवा लेने के बाद पिता-पुत्री फर्रुखाबाद से कानपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन पर सवार होकर घर लौट रहे थे। जैसे ही ट्रेन रामाश्रम स्थित काली नदी पुल के पास पहुंची, तभी दरवाजे पर खड़ी युवती का संतुलन बिगड़ गया। जब तक कोई कुछ समझ पाता युवती चलती ट्रेन से नीचे गिर गई।
इसकी जानकारी पिता को नहीं हो सकी। अन्य यात्रियों ने छात्रा के गिरने की जानकारी पिता को दी। तब तक ट्रेन मलिकपुर रेलवे स्टेशन पहुंच चुकी थी। जानकारी होने पर पिता व अन्य परिजनों के साथ घटना स्थल पर पहुंचे, तब तक छात्रा की मौत हो चुकी थी। पिता ने बताया कि पुत्री बहुत होनहार थी और बीएड की पढ़ाई कर चुकी है। खबर लिखे जाने तक छात्रा के परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं हुए। (संवाद)