फोटो:06: घर में आग से जले सामान को देखती बच्ची। संवाद
तालग्राम। थानाक्षेत्र के भोजापुर गांव में किसान के घर में शुक्रवार को शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इससे आसपास के घरों में खलबली मच गई। घटना के समय परिवार के लोग खेत पर थे। आग से 11 हजार नकदी समेत दो लाख रुपये का घरेलू सामान जल गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
भोजापुर गांव निवासी अवधेश पुत्र विवेक व अन्य परिजन के साथ खेत पर थे। शुक्रवार दोपहर के समय पड़ोसियों ने घर से धुआं और लपटें उठती देखीं तो शोर मचाया। आग की जानकारी होते ही ग्रामीण माैके पर जुटी गए और दरवाजा खोलकर बाल्टियों और पाइपों से पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक घरेलू सामान, फर्नीचर, कपड़े, टीवी, फ्रिज, कूलर, डबल बेड और 11 हजार रुपये समेत करीब दो लाख का सामान जल गया।
किसान ने आग लगने का कारण शाॅर्ट सर्किट बताया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। वहीं लेखपाल प्रियंका चतुर्वेदी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।