कन्नौज। दिनदहाड़े महिला की हत्या कर लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले हत्यारोपी ससुर और दामाद पर पुलिस ने गुरुवार को 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इससे पहले एसपी ने 25-25 हजार रुपये का इनाम रखा था, जिसे कानपुर रेंज के डीआईजी हरीश चंदर ने बढ़ा दिया है। बताया जा रहा है आरोपी ससुर-दामाद हत्या के बाद एक रात लखनऊ में रुके थे। पुलिस की भनक लगते ही दोनों फरार हो गए। उधर, एसपी का कहना है कि पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं, जल्द ही दोनों की गिरफ्तारी की जाएगी।
शहर के मोहल्ला कुतलूपुर मकरंदनगर में 22 सितंबर को दिनदहाड़े महिला सुनीता श्रीवास्तव की हत्या कर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि उनके नए मकान में टायल पत्थर लगाने वाले ससुर-दामाद ने वारदात को अंजाम दिया है। अगले दिन यानी 23 सितंबर एसपी विनोद कुमार ने बलरामपुर जिले के थाना तुलसीपुर अंतर्गत ग्राम नथाई प्रेमपुर निवासी जसवंत सिंह उर्फ पंकज चौहान, उसके दामाद उन्नाव जिले के थाना फतेहपुर चौरासी अंतर्गत ग्राम पखरापुर निवासी सूरज कश्यप पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
डीआईजी के निर्देश पर दोनों की धरपकड़ को पांच टीमें लगाई गईं हैं, जो पंजाब के लुधियाना शहर समेत यूपी के कई जिलों में दबिश दे रहीं हैं। दोनों के फोटो और बाइकों के नंबर भी टोल प्लाजा समेत सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा किए गए हैं। डीआईजी कानपुर रेंज हरीश चंदर ने हतयारोपी जसवंत सिंह और सूरज कश्यप पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया।
वारदात के बाद लखनऊ रुके थे आरोपी ससुर-दामाद
सुनीता की हत्या करने के बाद आरोपी ससुर-दामाद सीधे लखनऊ पहुंचे थे। पुलिस के मुताबिक दोनों बाइक से गए थे। इसमें सूरज कश्यप के पास पल्सर बाइक थी। यह बाइक उसने लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र से 19 अगस्त को चोरी की थी। इसका मुकदमा भी वहां दर्ज है। यहां एक परिचित के घर रात में रुकने के बाद भोर में ही वहां से फरार हो गए। पुलिस टीम पीछा करते हुए पहुंची तो सीसीटीवी में दोनों दिखाई दिए थे। इसके बाद वह लखनऊ से बाहर निकल गए। एसपी ने बताया कि पुलिस की टीम सीसीटीवी के सहारे दोनों का पीछा कर रही है। जल्द ही दोनों गिरफ्त में होंगे।
घर के बाहर सुरक्षा में बढ़ाई गई पुलिस फोर्स
एसपी ने घटना स्थल पर पुलिस फोर्स बढ़ा दिया है। ताकि परिजन भयभीत न हो। 24 घंटे पुलिस दरवाजे पर पहरा दे रही है। वारदात के बाद से बड़ी बेटी कोमल दहशत में है और सदमे से उबर नहीं पा रही है। छोटी बेटी दीया उस समय बैंक में थी पर वारदात के दौरान हत्यारोपी दीया को भी मारने की धमकी देकर गए थे। इस वजह से वह भी खौफजदा है। एसपी ने बताया कि दीया को गनर उपलब्ध कराया गया है, जिससे कि वह निर्भीक होकर बैंक में अपनी ड्यूटी कर सके।
फगुहा गांव में भी दहशत में ग्रामीण
हत्यारोपी जसवंत और उसका दामाद सूरज तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के फगुहा भट्टा गांव में विनोद दुबे के मकान में किराए पर रहते थे। मकान मालिक ने बताया कि जसवंत ने 1500 रुपये प्रतिमाह किराए पर कमरा लिया था। इसमें वह दामाद सूरज कश्यप और बेटी शिवानी के साथ रहता था। जसवंत प्रतिदिन सुबह नहाने के बाद पास में ही बने मंदिर में पूजा करने जाता था और प्रसाद भी बांटता था। हत्या और लूट की वारदात के बाद कोई विश्वास नहीं कर रहा था कि दोनों इतनी संगीन वारदात को अंजाम दे सकते हैं। फिलहाल दोनों की करतूत से गांव में दहशत का माहौल है। दोनों आरोपियों के साथ शिवानी भी फरार है।