छिबरामऊ। जुमे की नमाज से पहले से शुक्रवार को दो मंजिला मस्जिद की छत पर दरी व चटाई बिछाते समय नियंत्रण बिगड़ने से सभासद सड़क पर आ गिरे। सूचना पर पहुंचे परिजन अस्पताल ले गए। यहां से राजकीय मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया। वहां पर इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शव घर पहुंचते ही परिजनों में चीखपुकार मच गई।
मोहल्ला ऊंचा बिरतिया निवासी राजू (40) वार्ड संख्या 23 चंद्रशेखर नगर के सभासद थे। जुमे की नमाज से पहले से मोहल्ले की नूरी मस्जिद में साफ-सफाई कर रहे थे। सफाई होने के बाद वह मस्जिद की दो मंजिला छत पर दरी व चटाई बिछा रहे थे। सुबह 11.15 बजे शरीर का संतुलन बिगड़ गया और वह दो मंजिला छत से नीचे सड़क पर मुंह के बल गिरे। उनके छत से गिरने की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। सभासद के सड़क पर गिरते ही आसपास मौजूद लोग दौड़ पड़े और बेहोश सभासद को उठाने का प्रयास किया।
इस बीच जानकारी होने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर बिना राजकीय मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया। वहां पर इलाज के दौरान सभासद ने दम तोड़ दिया। शाम को सभासद का शव घर पहुंचते ही पत्नी रुखसाना, बेटी करीना, सादिया, फरीन, फलक व पुत्र नुरुद्दीन का रो-रोकर बुरा हाल था। राजू कांशीराम काॅलोनी के पास फुटवियर की दुकान किए हुए थे। उधर, सभासद की मौत की जानकारी होने पर चेयरमैन मनोज दुबे, ईओ सुनील कुमार सिंह ने उनके आवास पर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया । कोतवाल अजय अवस्थी ने बताया कि सभासद की मौत की जानकारी हुई है, लेकिन परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं हैं।