ठठिया। जिले की सीमा पर अरौल क्षेत्र के पलिया भदौसी के पास शुक्रवार को ठठिया के युवक का शव संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। पुलिस ने युवक की शिनाख्त कराते हुए परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर जांच पड़ताल की।
ठठिया के ग्राम चौहाननपुरवा निवासी रामू (45) दो दिन पहले नौकरी की तलाश में घर से निकले थे। सुबह अरौल क्षेत्र के ग्राम भदौसी के पास शौच करने गए ग्रामीणों ने एक शव को पड़ा देखा। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों की मदद से शव की शिनाख्त कराते हुए परिजनों को सूचना दी। तब परिजन भी मौके पर पहुंच गए। रामू के छोटे भाई कल्लू ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि गुरुवार शाम को रामू पलिया बुजुर्ग स्थित शराब की दुकान पर शराब पीते देखा गया था। आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में वह सड़क पर जाते समय हादसे का शिकार हो गया। अरौल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। ठठिया थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि घटनास्थल अरौल का है।