छिबरामऊ। घर में दो बेटियों की शादी की तैयारी चल रही थी। इसी बीच परेशान पिता ने घर के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, किसान की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
ग्राम रंधीरपुर निवासी विनोद कुमार (55) ने बेटी नेहा व कल्पना की शादी थाना मोहम्मदाबाद के नगला बलजीत गांव के युवकों के साथ तय की थी। पांच दिसंबर को बरात आनी है। शादी के आमंत्रण पत्र भी बंट चुके हैं। घर में शादी की तैयारी चल रही थीं। मंगलवार की रात विनोद ने परिवार के सभी सदस्यों के साथ खाना खाया और सोने के लिए चला गया। सुबह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ वह भी जागा और घरेलू काम निपटाने में जुट गया। कुछ देर बाद वह कमरे में चला गया और अंदर से बंद कर साड़ी से फंदा लगा लिया। काफी देर तक कमरे का गेट न खुलने पर परिजनों ने दरवाजा खटखटाया, पर लेकिन दरवाजा नहीं खुला। इस बीच परिवार के अन्य सदस्य भी एकत्रित हो गए और दरवाजा तोड़कर कमरे के अंदर पहुंचे तो विनोद को फंदे पर लटका देख चीखपुकार मच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाया। पहले परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार नहीं हुए पर बाद में बड़े बुजुर्गों के समझाने पर परिजन राजी हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। परिजनों ने बताया कि विनोद खेतीबाड़ी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। उनके तीन पुत्र राजीव, सचिन, पंकज व तीन बेटियां मंजू, नेहा व कल्पना हैं। इनमें मंजू की शादी पहले ही हो चुकी है।
युवक ने फंदा लगाकर जान देने का किया प्रयास
छिबरामऊ। प्रेम प्रसंग के चलते युवक ने घर के कमरे फंदा लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। जानकारी होने पर परिजन फंदे से उतारकर उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां हालत गंभीर देख डाक्टर ने उसे तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जनपद फर्रुखाबाद के थाना जहानगंज अंतर्गत ग्राम मझिगवां निवासी अनुज (26) ने सुबह 10 बजे कमरे के कुंडे में रस्सी से फंदा लगा लिया। जानकारी होते ही परिजनों ने दरवाजा तोड़कर उसे फंदे से नीचे उतारा। इलाज के लिए अस्पताल लेकर आए। वहां उपचार के बाद भी हालत में सुधार न होने पर डाक्टर ने उसे तिर्वा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। परिजनों का आरोप है कि अनुज का गांव की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मंगलवार को युवती के पिता ने अनुज के साथ मारपीट की थी। इसी के चलते उसने यह कदम उठाया है। संवाद