गुरुवार को जोरदार बरसात होने से प्रोफेसर कालोनी में भर गया था पानी
वर्षों पुरानी इस समस्या का नगर पालिका नहीं कर सकी स्थायी समाधान
छिबरामऊ (कन्नौज)। जलभराव की समस्या से जूझ रहे प्रोफेसर कालोनी के बाशिंदों को राहत देने के उद्देश्य से नगरपालिका ने शुक्रवार को जेसीबी लगाकर कालोनी से तालग्राम रोड तक नाला खुदवाया। एक दिन की बारिश में ही प्रोफेसर कालोनी के घरों में पानी भर गया था। कालोनी में जलभराव की यह वर्षों पुरानी समस्या है जिसका पालिका द्वारा अभी तक स्थाई समाधान नहीं किया जा सका है।
गुरुवार को हुई मूसलाधार बारिश में प्रोफेसर कालोनी तालाब नजर आने लगी। घरों में पानी भर जाने से घर-गृहस्थी का सामान खराब हो गया था। कालोनी के लोगों ने नगरपालिका प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए तहसील जाकरअधिकारियों को कालोनी की समस्या से अवगत कराया था। इस पर शुक्रवार को नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी केपी पांडेय ने अवर अभियंता डीसी तिवारी अन्य पालिका कर्मियों के साथ प्रोफेसर कालोनी का अवलोकन किया। इसके बाद ईओ के निर्देश पर जेसीबी से प्रोफेसर कालोनी से लेकर तालग्राम रोड तक कच्चे नाले की खुदाई कराई गई। ताकि पानी की निकासी हो सके।
‘नाला सफाई में हुआ घोटाला’
छिबरामऊ। मोहल्ला इब्राहीमगंज ताजपुर रोड के बरसात का पानी उफन कर घरों में घुस गया था। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश वर्मा ने कहा कि नाला सफाई के नाम पर बड़ा घोटाला किया गया है। डीएम से शिकायत इसकी जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि ताजपुर रोड के नाला से कोलियान, कोतवाली, बाजारकलां, इब्राहीमगंज और बस्तीराम मोहल्लों का पानी निकलता है, लेकिन इस प्रमुख नाले में ऊपर तक सिल्ट भरी है। बारिश होने नाला उफना गया और पानी घरों में घुस गया है। आरोप लगाया नाले की सिल्ट पिछले तीन साल से नहीं निकाली गई है।