कन्नौज। कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में डीएम ने अधूरे पड़े विकास कार्यों को जल्द पूरा कराने का विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया। वहीं मनरेगा में पर्याप्त बजट होने के बावजूद निर्धारित लक्ष्य हासिल न करने वाले बीडीओ को फटकार लगाई। बिजली विभाग को राजीव गांधी ग्राम विद्युतीकरण योजना के तहत चिह्नित ग्रामों में विद्युतीकरण का काम जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बजट होने के बावजूद निर्धारित लक्ष्य हासिल न करने वाले लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिला पंचायत को निर्देश दिया कि वे पोस्टमार्टम हाउस तक जाने वाले मार्ग को तत्काल दुरुस्त कराएं। आबकारी विभाग को 15 फरवरी तक मदिरा दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया। वहीं पीडब्लूडी विभाग को जिला जेल रोड पर बन रही नाली में मानकों के मुताबिक निर्माण कराने का निर्देश दिया। सीडीओ उदयराज यादव ने कहा कि मनरेगा योजना में बीडीओ रुचि नहीं ले रहे हैं। गुगरापुर व सौरिख ब्लाक छोड़कर अन्य ब्लाकों में मनरेगा योजना संतोषजनक नहीं चल रही है। जल्द ही इस पर ध्यान देकर 28 फरवरी तक निर्धारित लक्ष्य हासिल कर लें। इसमें लापरवाही करने वाले बीडीओ व संबंधित अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। जब पैसा है तो उसके खर्च करने में जो दिक्कतें आ रही हैं, उससे जिला प्रशासन को अवगत कराएं। बेवजह योजनाओं में देरी ठीक नहीं है। पीडब्लूडी प्रांतीय खंड को भी प्रगति धीमी मिलने पर फटकारा। इस मौके पर सीएमओ डा. पीएन बाजपेई, डीएसओ संतोष सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी चंद्रभान सहित काफी विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।