छिबरामऊ (कन्नौज)। जीटी रोड हाइवे पर मंडी समिति के पास स्थित हांडा बाइक शोरूम की छत काटकर चोरों ने हजारों रुपये का सामान पार कर दिया। शोरूम मालिक ने कोतवाली में तहरीर दी है। सीओ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम ने साक्ष्य एकत्र किए।
नगर के मोहल्ला दीक्षितान निवासी विकास दीक्षित का जीटी रोड हाईवे पर मंडी समिति के पास दयाल हांडा के नाम से बाइक का शोरूम है। बुधवार की रात में चोरों ने शोरूम के पिछवाड़े से छत पर पहुंचकर उसे काट दिया तथा सेफ को तोड़कर उसके लाकर में रखे करीब 7 हजार रुपये, एक चांदी का सिक्का, कंप्यूटर सिस्टम, कलर टीवी, एक मोबाइल व 2 नई बैटरी पार कर दी। गुरुवार की सुबह जब वह शोरूम खोलने पहुंचे और मेन गेट खोलकर अंदर देखा तो चोरी का पता चला। सूचना सीओ कार्यालय और फिर कोतवाली पुलिस को दी।
सीओ रमेश कुमार भारतीय तथा मंडी समिति चौकी इंचार्ज मो.आसिफ मौके पर पहुंचे। सीओ ने चोरों के पैरों तथा हाथों के निशान देख कर कन्नौज से फिंगर प्रिंट टीम को बुलवा लिया। दोपहर बाद फोरेंसिक टीम प्रभारी मुमताज अली व फील्ड यूनिट के रमेशचंद्र कन्नौज से आ गए तथा उन्होंने कई जगह से फिंगर प्रिंट के नमूने लिए।