तिर्वा (कन्नौज)। प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री विजय बहादुर पाल ने अपनी विधायक निधि से मेडिकल कालेज को एंबूलेंस उपलब्ध कराने के लिए जिले के मुख्य विकास अधिकारी को पत्र भेजा है।
राजकीय मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा.पीके सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मेडिकल कालेज में ब्लड बैंक के उद्घाटन के दौरान मेडिकल कालेज प्रशासन ने राज्यमंत्री से मरीजों की सुविधा के लिए एक एंबूलेंस देने की मांग की थी। इस पर राज्यमंत्री ने अपनी विधायक निधि से करीब बारह लाख रुपए की लागत से एक एंबूलेंस मेडिकल कालेज को उपलब्ध कराने के लिए कहा है। सीडीओ ने उन्हें इस आशय का पत्र भी भेजा है। मेडिकल कालेज प्रशासन ने एंबूलेंस खरीदने के लिए टेंडर भी जारी कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि एंबूलेंस की सुविधा उपलब्ध हो जाने पर यहां से कानपुर के लिए रिफर करने वाले गरीब तबके के मरीजों को काफी सहूलियत मिल जाएगी।