कन्नौज। लोहिया समग्र ग्राम में इंदिरा आवास के लाभार्थियों के चयन में लापरवाही बरते जाने पर तालग्राम के खंड विकास अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
पीडी के अनुसार अनुसूचित जाति की सूची के क्रमांक 4 पर अंकित पिंकी पुत्र रामसेवक जाटव का बीपीएल संख्या 15300 पर चयन किया गया है, जबकि पिंकी का नाम इस आईडी पर नहीं है। पीडी का कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है कि निर्देशों के बाद भी बीडीओ गांव में नहीं गए हैं, बल्कि विकास खंड स्तर पर ही ग्राम स्तरीय कर्मचारी द्वारा तैयार की गई कार्ययोजना से सहमत हो गए । इसके अलावा ग्राम पंचायतों में प्राप्त शिकायतों पर भी उन्होंने ध्यान नहीं दिया। बीडीओ की लापरवाही के कारण ही यह गंभीर स्थिति उत्पन्न हुई है। इस मामले में उन्हें 15 फरवरी तक स्पष्टीकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इस मामले से मुख्य विकास अधिकारी को भी अवगत करा दिया गया है।
जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक एके सिंह ने बीडीओ तालग्राम को जो पत्र भेजा है उसमें े लिखा है कि ब्लाक से 26 नवंबर को उपलब्ध कराई गई कार्ययोजना के अनुसार लोहिया गांव अनीभोज में 12 लोगों को इंदिरा आवास देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। इसके बाद लक्ष्य 59 बना दिया गया और 48 लोगों की चयनित सूची भी उपलब्ध कराई गई। इस तरह साबित हो रहा है कि बीडीओ के स्तर से शासन के महत्वपूर्ण कार्यक्रम में घोर लापरवाही बरती गई है। अन्यथा इतनी बड़ी संख्या में पात्र परिवार नहीं छूटते।