कन्नौज। बारह रबी उल अव्वल के मौके पर शहर में जुलूसे मुहम्मदी निकालने की जोरदार तैयारियां चल रही हैं। बुधवार को जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए। गलियों में इलेक्ट्रानिक झालरों, राडों के जरिए सजावट को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जुलूस के दौरान जरूरी बातों पर अमल कराने के लिए मुस्लिम धर्म गुरुओं व संभ्रांत लोगों ने बैठक कर रूपरेखा बनाई।
शहर के मोहल्ला हम्मालीपुरा स्थित अल जामेतुल अहमदिया में हजरत आफाक अहमद मुजद्दी की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें निर्णय लिया गया कि जुमे की नमाज के बाद शहर की जामा मस्जिद से जुलूस शुरू होगा। जुलूस में शामिल होने के लिए लोगों को 25 जनवरी को दोपहर 12 बजे जामा मस्जिद परिसर पहुंचना होगा। ग्रामीण क्षेत्र से आए लोग भी अपने साथियों के साथ जुलूस में भाग ले सकेंगे। जुलूस में अलग-अलग मोहल्लों की अलग-अलग झांकियां निकाली जाएंगी। साथ ही लोगों को अपने मोहल्ले के जुलूस के साथ ही रहना होगा।
जुलूस में किसी भी राजनीतिक पार्टी का झंडा, बैनर या पोस्टर का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। सभी दलों के साथ उनके मोहल्ले के जिम्मेदार लोग साथ में रहेंगे। जो किसी भी गड़बड़ी पर निगाह रहेंगे और तत्काल सहायता उपलब्ध कराएंगे। जुलूस में शामिल सभी लोग शहर की मुख्य गलियों से होते हुए ईदगाह मैदान पहुंचेंगे जहां थोड़ी देर के कार्यक्रम के बाद जुलूस का समापन हो जाएगा।