कन्नौज। पीएसएम महाविद्यालय में निर्माण कार्य कर रहे दो मजदूरों को सोमवार की रात सोते समय अज्ञात लोगों ने जमकर पीटा। सुबह होने पर उन्हें जिला चिकित्सालय में भरती कराया गया। हालत गंभीर होने पर कानपुर के लिए रिफर कर दिया गया। प्राचार्य की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पीएसएम महाविद्यालय में निर्माण कार्य चल रहा है। इसमें कानपुर नगर के सचेंडी कसबे से कई मजदूर काम करने के लिए लगे हुए हैं। सोमवार की रात मजदूर सोए हुए थे। तभी कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर धावा बोल दिया। सोते समय लाठी-डंडों से जमकर पीटा। इससे लालमन (46 वर्ष) पुत्र लक्ष्मी नरायन व महेश (32 वर्ष) पुत्र मोतीलाल घायल हो गए। सुबह होने पर पीएसएम महाविद्यालय के लिपिक दीपू मिश्रा को सूचना मिली। वह तत्काल मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को जिला चिकित्सालय में भरती कराया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद हालत बिगड़ने पर उन्हें कानपुर के लिए रिफर कर दिया। कालेज के प्राचार्य डा. आरबी चतुर्वेदी ने अज्ञात लोगों के खिलाफ कोतवाल संतोष अवस्थी को तहरीर दी। पुलिस ने तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरु कर दी है। कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक डीडी मिश्रा का कहना है कि प्रथम दृष्टया जांच में मामला आपसी मारपीट का सामने आया है। जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही हमलावरों पर कार्रवाई होगी।