गुरसहायगंज (कन्नौज)। ग्राम भवानीपुर में पेड़ों के नीचे सो रही वृद्धा की अज्ञात लोगों ने ईट से कुचलकर हत्या कर दी। पुलिस ने शव को सीलकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
ग्राम बरगांवा के मजरा भवनियापुर निवासी विद्यावती (80) के कोई संतान नहीं है। उसने सारी जायदाद बहन के पुत्र गोवर्धन लाल के नाम कर दी है। बीमारी के चलते वह गांव के किनारे पेड़ों के नीचे चारपाई डालकर सोती थी। गुरुवार की रात भी वहां सो रही थी। रात किसी समय अज्ञात व्यक्ति ने उसके सिर में ईट मारकर उसकी हत्या कर दी। घटना की जानकारी गांव में रह रहे मृतका की बहन की पुत्री सोनी को उस समय हुई जब वह मृतका के पास किसी काम के लिए गई थी। सूचना मिलते ही सोनी का भाई अनिल आदि मौके पर पहुंच गए, जिन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। कोतवाल ओपी सिंह मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अनिल ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं कोतवाल ने बताया कि विद्यावती का पेट खराब रहता था, जिसके चलते अक्सर वह शौच को जाती थी, इसीलिए वह गांव के किनारे पेड़ के पास ईंटों का घेरा बनाकर रह रही थी। रात किसी समय उठने पर वह दीवार से टकरा गई, जिससे उसके सिर पर ईट गिर गई और उसकी मौत हो गई है।