छिबरामऊ (कन्नौज)। ढकरूईया का ट्रांसफार्मर 10 दिन पहले फुंक गया था जिसे अभी तक बदले न जाने से पूरे गांव में अंधेरा छाया हुआ है। ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर शीघ्र बदलवाने की मांग की है।
ढकरूईया के रजनू दुबे, राजनरायन, रमाकांत, सुधाकर, राजेश कुमार, सुदामा, उमाशंकर, अरविंद कुमार, संजीव कुमार, अखिलेश, बिज्जू व अवधेश ने बताया कि गांव में विद्युत आपूर्ति के लिए दो ट्रांसफार्मर रखे हैं। इनमें से एक ट्रांसफार्मर 2 साल पहले फुंक गया था जिसे बदलने की बजाय विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने उसका पूरा लोड दूसरे ट्रांसफार्मर से जोड़ दिया। 10 दिन पहले ओवरलोड होकर वह ट्रांसफार्मर भी धड़ाम हो गया। बिजली विभाग में कई बार शिकायत करने के बाद भी उस ट्रांसफार्मर को अब तक बदलवाया नहीं गया है। अब हालत यह हो गई है कि गांव में पिछले 10 दिनों से अंधेरा छाया हुआ है। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि फुंके पड़े ट्रांसफार्मरों को शीघ्र न बदला गया तो वे लोग बिजली विभाग के खिलाफ आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।