बिल्हौर। कोतवाली क्षेत्र के दधिका गांव के पास शुक्रवार देर रात लखनऊ इटावा हाइवे पर ट्रक ने मारूति कार को टक्कर मार दी। इससे कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। घायलों की सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से कानपुर रेफर कर दिया गया। घटना में ट्रक चालक के खिलाफ तहरीर दी गई है।
बताया गया है कि कन्नौज जिले के तिर्वा थाना क्षेत्र के नजरापुर गांव निवासी पप्पू की ससुराल अंटवा (बागरमऊ) में है। पप्पू अपनी पत्नी की विदा कराने जा रहा था। साथ में नजरापुर का बब्बन उर्फ रामवीर अपनी मारूति कार लेकर जा रहा था। उसका दोस्त राजू भी था। कार बब्बन ही चला रहा था। रात 11 बजे लखनऊ - इटावा हाइवे पर दधिका गांव के सामने बांगरमऊ की ओर से आ रहे ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। कार चला रहे बब्बन की मौके पर मौत हो गई, जबकि राजू और पप्पू गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी बिल्हौर में भर्ती कराया। जहां से दोनों को कानपुर रेफर कर दिया गया।