कन्नौज। उदैतापुर गांव पहुंचे जिलाधिकारी ने प्राथमिक व जूनियर विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय में कई खामियां मिलीं। मिड-डे मील में कमियां मिलने पर ग्राम प्रधान के अधिकार सीज करने व जूनियर विद्यालय के प्रधानाचार्य पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शुक्रवार को जिलाधिकारी डा. आदर्श सिंह उदैतापुर गांव में धान की उपज को देखने पहुंचे। इस दौरान उन्हें जूनियर विद्यालय दिखाई पड़ा। विद्यालय में घुसकर उन्होंने जांच-पड़ताल की तो पाया कि कई बच्चों को ड्रेस का वितरण नहीं किया गया है। इस पर ग्राम प्रधान व प्रधानाध्यापक से पूछताछ की। उन्होंने विद्यालय का लेखा-जोखा देखा तो उसमें भी खासी खामियां पाई। रसोइयों से पूछताछ की तो पता चला कि चार माह से मानदेय नहीं दिया गया है। ग्राम प्रधान से पूछताछ करने पर वह कोई भी सही जवाब नहीं दे सके। विद्यालय में बच्चों को परोसे जाने वाला मिड-डे मील देखा तो मानक के मुताबिक न मिलने के साथ ही मीनू का भी कोई ध्यान नहीं रखा गया। मिड-डे मील का राशन उठाने के बारे में ग्राम प्रधान से अभिलेख मांगे गए तो कोई अभिलेख नहीं उपलब्ध मिले। इस पर उन्होंने तत्काल कोटेदार घनश्याम दुबे को बुलाया। उनसे पूछताछ की, बताया गया कि जब-जब ग्राम प्रधान राशन का उठान करते हैं तो कोटेदार अपने अभिलेख पर हस्ताक्षर ले लेते हैं, लेकिन ग्राम प्रधान द्वारा उठान का कोई रजिस्टर तैयार नहीं किया गया था। विद्यालय के बच्चों से जब किताब वितरण के बारे में पूछा गया तो बताया गया कि किताबों का वितरण भी पूरी तरीके से नहीं किया गया। जिलाधिकारी ने मौके पर ही किताबें मंगवाकर वितरण कराई। इसी तरह उन्होंने प्राइमरी विद्यालय का भी निरीक्षण किया। यहां पर भी कुछ कमियां पाई। बाद में जूनियर विद्यालय के सभी अभिलेख डीएम ने अपने कब्जे में ले लिए। डीएम ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापक को निलंबित करने के बीएसए को निर्देश दिए हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी इंद्रपाल सोनकर को ग्राम प्रधान सर्वजीत यादव के खिलाफ अधिकार सीज करने की कार्रवाई का आदेश दिया है।