कन्नौज। रानी लक्ष्मीबाई योजना में चयनित एपीएल राशन कार्डधारकों को भी बीपीएल परिवारों की तरह हर माह राशन दिया जाएगा। जिला पूर्ति विभाग ने इसकी कवायद शुरू कर दी है। अगले महीने से राशन दुकानों पर वितरण शुरू कराया जाएगा।
मालूम हो कि आर्थिक रूप से पिछड़े एपीएल कार्डधारक परिवारों को बीपीएल परिवारों की तरह हर माह 35 किलो राशन देने का शासनादेश आने पर पूर्ति विभाग ने प्रयास तेज कर दिए हैं। इसके लिए 46546 परिवारों के लिए राशन का अतिरिक्त आवंटन जनपद को मिला है। रानी लक्ष्मीबाई योजना (जो पूर्व में महामाया गरीब आर्थिक मदद योजना के नाम से संचालित थी) में 24746 परिवारों को लाभ मिल रहा है। पूर्ति विभाग ने इन परिवारों की सूची समाज कल्याण विभाग से मांगी है ताकि दिसंबर माह से उन्हें बीपीएल राशन कार्डधारकों की भांति 4.65 रुपए प्रति किग्रा की दर से 20 किलो गेहूं और 6.15 रुपए प्रति किग्रा की दर से 15 किलो चावल उपलब्ध कराया जा सके। इस बारे में जिला पूर्ति अधिकारी संतोष सिंह का कहना है कि शेष आवंटन के लिए जिले के सभी एपीएल परिवारों का सर्वे किया जाएगा। इसके बाद उन्हें भी हर माह 35 किलो राशन बीपीएल की दर से वितरित कराया जाएगा।