तीसरे चरण में होने वाले गुगरापुर और तालग्राम
क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य के पांच वार्डों में चुनाव के लिए पहले दिन
95 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। बुधवार को भी पर्चे दाखिल
करने की प्रक्रिया चलेगी।
मंगलवार को वार्ड सात से 19, वार्ड आठ से 33,
वार्ड नौ से 14, वार्ड 10 से 10 प्रत्याशी व 11 से 19 प्रत्याशियों ने
नामांकन पत्र दाखिल किए। रिटर्निंग आफीसर/सीडीओ उदयराज यादव ने बताया किया
सात अक्तूबर को भी सुबह आठ बजे से अपराह्न चार बजे तक जिला पंचायत में
पांचों वार्डों के लिए नामांकन होंगे।
इसके बाद दो दिनों तक जांच चलेगी।
उधर, दूसरे चरण में होने वाले चुनाव के लिए वापसी वाले दिन दो वार्डों से
पांच प्रत्याशियों ने अपनेे पर्चे वापस लिए। वार्ड 14 से आनंद, कमल कुमार,
नन्हीं व रेखा देवी ने पर्चा वापस लिए। वार्ड 20 से अनिल कुमार ने अपना
पर्चा वापस लिया।
अब छिबरामऊ व सौरिख के जिला पंचायत सदस्य पद के 226
प्रत्याशी चुनाव मैदान में बचे हैं। यहां 235 नामांकन नौ वार्डों के लिए
हुए थे। पांच पर्चे वापस होने के साथ ही चार जांच में खारिज हो गए थे।
उधर, जिला पंचायत सदस्य पद का चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को मतदान
केंद्रों तक जाने को पहचान पत्र जारी किए जा रहे हैं।
अशक्त प्रत्याशियों
को उनके अभिकर्ताओं के नाम पहचान पत्र जारी किए जा रहे हैं। मंगलवार को
अचानक पहचान पत्र बनाने वाले कार्ड व फार्म खत्म हो गए। जब इस बात की
जानकारी प्रत्याशियों को दी गई तो उन्होंने नाराजगी जताई। सभागार में
हो-हल्ला भी हुआ। कुछ प्रत्याशियों की एआरओ से नोकझोंक भी हुई।
पहचान पत्र
बनने के इंतजार में प्रत्याशी रात तक वहां डटे रहे। संतोषजनक जवाब न मिलने
पर एएमए राधेश्याम शर्मा के पास कई प्रत्याशी पहुंचे। उन्होंने निर्वाचन
विभाग में संपर्क किया। वहां से बताया गया कि आवेदन फार्म व कार्ड खत्म
हो गए हैं। छपने गए हैं। बुधवार को सुबह जारी किए जाएंगे। एएमए ने
रिटर्निंग ऑफीसर उदयराज यादव को भी जानकारी दी है।