संपूर्ण स्वच्छता अभियान के तहत नगर पंचायत के
चिह्नित मोहल्ला सुभाष नगर में मंगलवार को स्वच्छता अभियान चलाया गया।
प्राइमरी पाठशाला तिर्वागंज, उच्च प्राथमिक विद्यालय तिर्वागंज के परिसर
में भी सफाई अभियान चला।
नालियों और सड़कों की भी सफाई की गई। नगर
पंचायत के सुभाष नगर के सभासद राजा अवस्थी के नेतृत्व में सफाई अभियान की
शुरुआत हुई। अभियान के नोडल अधिकारी विश्राम सिंह यादव के नेतृत्व में करीब
दो दर्जन सफाई कर्मियों ने मोहल्ले के सभी सड़कों पर, संपर्क मार्गों और
नालियों की सफाई की।
प्राइमरी पाठशाला में हेड टीचर आरती कनौजिया व उच्च
प्राथमिक विद्यालय में हेड टीचर रामश्री देवी ने पूरे स्कूल की साफ-सफाई
कराई। शौचालयों को भी साफ कराया गया। इस मौके पर सफाई नायक ऊधन लाल समेत
नगर पंचायत के कई कर्मचारी व चेयरमैन प्रतिनिधि विनोद गुप्ता भी मौजूद थे।