अमर उजाला ब्यूरो
कन्नौज।
कलक्ट्रेट में जिला उद्योग बंधु की बैठक में जून माह में भार स्वीकृति के लिए पांच आवेदन मिले। पीएमईजीपी योजना के तहत 22 लाभार्थियों के 38.74 लाख मार्जिन मनी का वित्तीय लक्ष्य मिला है। इसके तहत 128 आवेदन मिले हैं। इसमें 76 आवेदन पत्रों का चयन किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि दो माह में तिर्वा क्रासिंग पर निर्मित ओवरब्रिज तैयार हो जाएगा।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि फूलमती मंदिर से मोहल्ला नखाशा तक तार ढीले व वोल्टेज कम आने की शिकायत तथा डाक्टर कृष्णा से अजयपाल चौराहा तक तार ढीले होने की शिकायत मिली है। तारों को तत्काल ठीक कराया जाए। व्यापारियों ने कहा कि तिर्वा क्रासिंग के पास गड्ढे होने से वाहनों का आवागमन एक ही साइड से होता है। इससे अधिकतर जाम लगा रहता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि फ्लाई ओवर का कार्य तीव्र गति से चल रहा है। आगामी दो माह में पूर्ण हो जाएगा। सीमेटेंड खंभों की गुणवत्ता जांचने के लिए एमडी को पत्र भेजने के निर्देश दिए। परफ्यूम पार्क के लिए यूपीएसआईडीसी के आरएम ने 100 एकड़ भूमि की मांग की थी। जिसमें 27 एकड़ ग्राम समाज की भूमि है। इसके अतिरिक्त किसानों से भूमि अधिग्रहीत की जानी है।
इस संबंध में यूपीएसआईडी के एमडी को पत्र भेजा गया था, लेकिन उदासीनता एवं लापरवाही के चलते अभी तक पत्र का जवाब नहीं मिला। एक सप्ताह के अंदर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला उद्योग केंद्र, विद्युत, वाणिज्यकर, ग्रामोद्योग, श्रम विभाग, वन विभाग के अधिकारी व व्यापारी पवन त्रिवेदी, प्रदीप कपूर आदि मौजूद रहे।
- अधिशासी अभियंता विद्युत को तार दुरुस्त करने के दिए निर्देश
- सीमेंटेड खंभों की जांच कराए जाने के लिए डीएम ने एमडी को लिखा पत्र