कन्नौज। जनपद की 28 समितियों में यूरिया खाद की 700 बोरी आवंटित की जा रही हैं। यह तीन दिनों के अंदर 28 समितियों पर पहुंच जाएगी। इसके लिए विभाग ने आवंटन प्रक्रिया को पूर्ण कर लिया है और डीएम के अनुमोदन होते ही समितियों पर यूरिया खाद पहुंचा दी जाएगी।
जिला कृषि अधिकारी संतलाल गुप्ता ने बताया कि जनपद में सहकारिता विभाग को 700 बोरी यूरिया किसानों को देने के लिए मिल गई है। इसे 28 समितियों पर तीन दिनों के अंदर भेज दिया जाएगा। इसके लिए विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है और जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के अनुमोदन के बाद यूरिया समितियों पर पहुंच जाएगी। जिससे किसानों को खरीफ की फसल में काफी आसानी होगी। कहा कि जनपद में यूरिया पर्याप्त मात्र में उपलब्ध है। किसानों से आग्रह है कि अपनी खतौनी एवं आधार कार्ड के साथ संबंधित बिक्री केंद्रों से खेत के रकबा के अनुसार यूरिया प्राप्त करें।
जनपद में उर्वरक पर्याप्त मात्रा में है। जिसमें यूरिया की 2,52,000 बोरी, डीएपी की 1,21,500 बोरी तथा एनपीके की 99,940 बोरियों की उपलब्धता है। इस उपलब्धता से किसानों को उर्वरक की कमी नहीं हो पाएगी। -संतलाल गुप्ता, जिला कृषि अधिकारी