कन्नौज। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में जिला एवं सत्र न्यायालय में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिला जज नरेंद्र कुमार झा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभांरभ किया। लोक अदालत में संदर्भित 100308 वादों के सापेक्ष सुलह समझौता के आधार पर 63526 वादों का निस्तारण किया गया। 19.46 करोड़ रुपए जुर्माना वसूला। वर्षों पुराने वादों का आसानी से निस्तारण होने से वादकारियों के चेहरों पर मुस्कान खिल गई। यहां विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए काउंटर पर वादकारियों की भारी भीड़ उमड़ी। खासकर बैंकों के पटलों पर काफी भीड़ दिखाई दी। यहां मौजूद न्यायिक व विभागीय अधिकारियों ने सुलह समझौते के आधार पर कई पुराने मामलों का निस्तारण किया।
इस दौरान जनपद न्यायाधीश नरेंद्र कुमार झा ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव न्यायाधीश स्नेहा व अन्य न्यायाधिकारियों के साथ लोक अदालत के विभिन्न पटलों का गहन निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने वादकारियों का मनोबल बढ़ाते हुए लोक अदालत के जरिए वादों का निस्तारण कराने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर अध्यक्ष प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय फूलचंद्र पटेल, पीठासीन अधिकारी इंदु द्विवेदी, नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत हरि प्रसाद, जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, अध्यक्ष स्थायी लोक अदालत अशोक कुमार प्रेमी, सचिव स्नेहा सहित कई न्यायिक अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।