केबिल सही करते बिजली विभाग के कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बहबलपुर उपकेंद्र के पलिया फीडर की मेन केबिल फुंकने से 45 गांवों की बिजली गुल हो गई। कर्मचारियों ने बताया कि नमी आने की वजह से केबिल बस्ट हो गई। दोपहर बाद केबिल सही होने पर पलिया फीडर की आपूर्ति बहाल की गई।
रविवार सुबह पलिया फीडर की केबिल अचानक फट गई, जिससे क्षेत्र के 45 गांवों की बिजली गुल हो गई। कमालपुर गांव के सामने हाइटेंशन लाइन के क्रास के चलते लगभग 200 मीटर अंडरग्राउंड केबिल बिछाई गई है। नमी के चलते केबिल सुबह 5 बजे के करीब फट कर जल गई। एसएसओ अनिरुद्ध कुमार ने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी, जिस पर जेई अवनीश कुमार यादव मौके पर पहुंचे। जेई ने तत्काल कर्मचारियों को बुलाकर केबिल सही कराने के निर्देश दिए। दोपहर बाद कर्मियों ने केबिल सही की तब जाकर आपूर्ति बहाल हो सकी। जेई ने बताया कि इस केबिल में बाक्स नहीं लगा है। शीघ्र ही कानपुर से केबिल बॉक्स मंगाकर आपूर्ति दुरुस्त कराई जाएगी।