सांसद डिंपल यादव के गोद लिए गांव सैय्यदपुर सकरी में रोगियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। दो दिन में करीब 40 रोगी बढे़ हैं। गंदगी फैलने की जानकारी होने के बाद भी सफाई टीम गांव नहीं पहुंची है। इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग परेशान है। डाक्टरों का कहना है कि मरीज बढ़ने का मुख्य कारण गंदगी है। पंचायत अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
गांव सैय्यदपुर सकरी में एक माह से पांव पसार रहे बुखार पर अंकुश लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से किए जा रहे प्रयास असफल होते नजर आ रहे हैं। कैंप से पुराने मरीजों को तो फायदा हो रहा है, दूसरी तरफ गांव में फैली गंदगी के कारण नए रोगी भी उभरकर सामने आ रहे हैं। रोग पर अंकुश न लगने से स्वास्थ्य विभाग भी चिंतित है। गांव पहुंचे स्वास्थ्य विभाग के डा. बृजेश शुक्ला का कहना है कि जब तक गांव की सफाई नहीं होती, तब तक बीमारी पर अंकुश लगाना संभव नहीं हो पाएगा। आधे गांव में तो सफाई दिख रही है लेकिन आधे गांव में गंदगी की भरमार है। उधर, पानी सड़क के ऊपर से गुजर रहा है। गांव में बनी टंकी से पानी दिन भर बहता रहता है। जो नालियां चोक होने के कारण जगह-जगह भरा है। गंदा पानी रुक जाने से मच्छर पनप रहे हैं। गलियों में लगे कूडे़ के ढेर भी बीमारियों को दावत दे रहे हैं। दो दिनो से गांव में लग रहे स्वास्थ्य कैंप के बाद भी मरीजों में कोई कमी नहीं आई है। एक के बाद एक लोग बुखार की चपेट में आ रहे हैं। अब तक करीब 35 लोग कानपुर या अन्य निजी अस्पतालों में उपचार करा रहे हैं। गुरुवार को गांव के पूर्व प्रधान शहनवाज खां स्वास्थ्य टीम से मिले। उन्होंने कहा कि कैंप उनके मोहल्ले में भी लगाया जाए, इससे गांव के सभी रोगियों को उपचार मिल सकेगा। सैय्यदपुर सकरी गांव में गुरुवार को डा. बृजेश शुक्ला, फार्मासिस्ट विद्या सागर, लैब टेक्नीशियन आलोक कुमार दुबे, वार्ड ब्वाय अरुण कुमार वर्मा, एएनएम रेखा कटियार ने पानी की टंकी परिसर पर कैंप लगाया। कैंप में 92 मरीजों की जांच कर दवा का वितरण किया गया। 11 रोगियों की स्लाइडें बनाकर जांच के लिए भेजी गईं।
अलाउद्दीन में 32 को दी दवा, सात की बनीं स्लाइडें
- मोहल्ले में दो जगह लगाया गया कैंप
अमर उजाला ब्यूरो
कन्नौज। शहर के मोहल्ला मकरंदनगर के अलाउद्दीनपुर में दो लोगों की डेंगू रोग से मौत और दो अन्य लोगों में डेंगू रोग की पुष्टि के बाद सक्रिय हुआ स्वास्थ्य विभाग रोग पर काबू पाता दिख रहा है। गुरुवार को मोहल्ले के दो स्थानों पर लगाए गए स्वास्थ्य कैंप में मात्र 32 रोगी ही दवा लेने पहुंचे। वहीं सफाई व्यवस्था का काम लचर रहा।
मोहल्ले में करीब एक सप्ताह से लगातार कैंप लगाकर लोगों को दवा का वितरण किया जा रहा है। गुरुवार को दो स्थानों पर लगे कैंप में 32 रोगी पहुंचे। इनमें सात की स्लाइडें बनाई गईं। मोहल्ले में सफाई व्यवस्था बेहतर न कराए जाने पर लोगों में नगरपालिका परिषद के प्रति नाराजगी जाहिर की है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि नगरपालिका के कर्मी मोहल्ले में आते तो है, लेकिन कुछ स्थानों पर सफाई करने के बाद चले जाते हैं। इससे मोहल्ले में गंदगी पूरी तरह साफ नहीं हो रही है।
बोले जिम्मेदार--
वायरल फीवर बढ़ने की मुख्य वजह जगह-जगह गंदगी व जलभराव है। लोग जलभराव व गंदगी पर अंकुश लगाएं, रोग स्वत: रुक जाएगा। जिन गांव में वायरल फीवर ने अपने पांव पसार लिए हैं, वहां अभियान चलाकर सफाई कराई जाए। घर के आसपास मच्छर न पनपने दें।
कृष्ण स्वरूप, सीएमओ कन्नौज।
...................................
12- मरीजों को दवा बांटती स्वास्थ्य विभाग की टीम।
कटरा पहुंची टीम, चांदापुर में होता रहा इंतजार
क्रासर
- 48 घंटे बाद भी चांदापुर नहीं पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम
- आधा सैकड़ा से ज्यादा लोग बुखार से हैं पीड़ित
- कटरा में बांटी गई दवा, हुई फागिंग, दवा का छिड़काव भी कराया
अमर उजाला ब्यूरो
तालग्राम।
डेंगू के डंक से परेशान कटरा मोहल्ले के लोगों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गुरुवार को राहत दी। क्षेत्र में कैंप लगाकर दवा वितरण हुआ साथ ही नगर पंचायत कर्मचारियों ने सफाई कर दवा का छिड़काव किया। फागिंग भी की गई। उधर, चांदापुर में 48 घंटे बाद भी स्वास्थ्य विभाग की टीम नहीं पहुंची। यहां आधा सैकड़ा से ज्यादा लोग बुखार से पीड़ित हैं। ग्रामीण ने इसकी शिकायत सीएमओ से की है।
गुरुवार को डा. तरुण गुप्ता, अजय कुमार, एलटी आन्नद कुमार, सुरजीत, महेशचंद्र की टीम ने कटरा मोहल्ले में कैंप लगाकर 60 रोगियों का परीक्षण किए और दवा का वितरण किया। 11 मरीजों की स्लाइडें बनाई गईं। इस मोहल्ले के विजय पाल उर्फ पप्पू पुत्र बेचेलाल की बुखार से हालत बिगड़ने पर उसे सैफई में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत में रिफर कर दिया गया। परिजनों ने उसे कानपुर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया है। डा. तरुण गुप्ता ने नगर पंचायत के लिपिक को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की हिदायत दी। इस पर सफाई नायक दीपक सविता ने कर्मचारियों को लगाकर कटरा मोहल्ले में सफाई अभियान चलाया। दवा का छिड़काव कराने के साथ ही फागिंग भी कराई गई।
वहीं, चादापुर गांव में दूसरे दिन भी स्वास्थ्य विभाग की टीम नहीं पहुंची। गांव में डाक्टरों की टीम के न पहुंचने से ग्रामीणों मे खासी नाराजगी है। लोगों का कहना है शुक्रवार को टीम गांव न आई तो सभी लोग डीएम कार्यालय पहुंचकर शिकायत करेंगे।
इनसेट
बिधीपुरवा की युवती को डेंगू
तालग्राम। क्षेत्र के बिधीपुरवा में एक युवती में डेंगू की पुष्टि होने पर परिजन फर्रुखाबाद लेकर गए हैं। गांव के पांच लोग पहले ही बाहर इलाज करा रहे हैं। क्षेत्र के राम बहादुर ने बताया उसकी पुत्री बीना (22) को दस दिन से बुखार आ रहा था। पहले गांव में झोलाछाप से इलाज कराते रहे । फायदा नहीं हुआ तो गुरसहायगंज के नर्सिंग होम ले गए। वहां खून की जांच में डेंगू की पुष्टि हुई। इसके बाद बेटी को फर्रुखाबाद के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। पैसे की व्यवस्था होने पर कानपुर ले जाएंगे।
इनसेट
एक ही परिवार के चार लोग कानपुर में भर्ती
ठठिया। क्षेत्र में एक ही परिवार के चार लोगों को बुखार की शिकायत होने पर कानपुर में भर्ती कराया गया है। यहां रहने वाले तौहित के पुत्र परवेज (25), राशिद (20) व पुत्री जेवा (18) और शीबा (14) को हालत बिगड़ने पर कानपुर के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। इलाकाई लोगों ने बताया कि नगर पंचायत ने मंगलवार को फागिंग कराकर सिर्फ खानापूरी की। जबकि क्षेत्र में कई लोग डेंगू के शिकार हो चुके हैं।
।
सैय्यदपुर सकरी गांव पहुंचे सपाई आश्वासन देकर लौटे
कन्नौज। सैय्यदपुर सकरी गांव में फैले संक्रमक रोग की चपेट में आए करीब दो सौ लोग बीमारी से जूझ रहे हैं। गुरुवार को आधा दर्जन सपाई गांव पहुंचे, लेकिन वह आश्वासन देकर लौट गए। सपाइयों ने इस दौरान किसी भी अधिकारी से वार्ता नहीं की। जिलाध्यक्ष मुन्ना दरोगा का कहना है कि वह शुक्रवार को जिलाधिकारी से मिलकर इस समस्या को उठाएंगे। गुरुवार को सपा जिलाध्यक्ष मुन्ना दरोगा, पूर्व ब्लाक प्रमुख नवाब सिंह यादव, हसीब हसन, आसिफ सिद्दीकी, कौशर खां, कल्लू शर्मा, शाह हुसैन ने गांव जाकर करीब 20-25 मरीजों का हालचाल लिया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि सरकार सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराते हुए मरीजों का इलाज कराए। प्रदेश सरकार केवल स्वच्छ भारत अभियान का ढिंढोरा पीट रही है।