तालग्राम। ब्लाॅक के राजकीय बीज भंडार पर मंगलवार को धान का 36.54 क्विंटल बीज पहुंच गया है। इसका वितरण अनुदानित दर पर ई-पॉस मशीन से किया जाएगा। बीज भंडार पर तीन किस्मों के धान बीज उपलब्ध हैं।
ब्लाॅक तालग्राम के राजकीय बीज गोदाम पर खरीफ अभियान के तहत कृषि विभाग ने अनुदानित धान के बीज का वितरण शुरू कर दिया है। फाउंडेशन धान बीज में पीआर 128, 1692, और 1718 आया है, जिसमें पीआर 128 धान बीज कृषि फार्म को आवंटित कर दिया गया है। राजकीय बीज गोदाम प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि 36.54 क्विंटल अनुदानित धान बीज का आवंटन मिला है। किसानों के बीच ई-पॉस मशीन से इसका वितरण किया जा रहा है।
धान की तैयारी में किसान
तालग्राम। मौसम की तरफ टकटकी लगाए किसान जून माह नजदीक आता देख धान की बेहन डालने के लिए बीज खरीदने के इंतजार में है। गर्मी के मौसम को देखते हुए वह एक बार फिर खेत की सिंचाई का मन बना रहे हैं। साथ ही आसमान की तरफ टकटकी लगाए हुए हैं कि बरसात हो जाए तो गर्मी से निजात मिल जाएगी और धान की बेहन डालने में कोई परेशानी नहीं होगी।
पौधों के 20 से 37 डिग्री तापमान की आवश्यकता
कृषि सहायक प्रबंधक शिवपाल सिंह ने बताया कि धान की फसल के लिए समशीतोष्ण जलवायु की आवश्यकता होती हैं। इसके पौधों को जीवनकाल में औसतन 20 डिग्री सेंटीग्रेड से 37 डिग्री सेंटीग्रेड तापमान की आवश्यकता होती है। धान की खेती के लिए मटियार एवं दोमट भूमि उपयुक्त मानी जाती है। धान की खेती सीधी बुआई रोपाई द्वारा की जाती है।